अफीम की अवैध खेती का खुलासा, भाजपा नेता समेत तीन गिरफ्तार

दुर्ग जिले में अवैध अफीम की खेती का बड़ा मामला सामने आया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए भाजपा नेता विनायक ताम्रकर समेत तीन लोगों को गिरफ्तार किया है। फार्महाउस से करीब 5 एकड़ 62 डिसमिल क्षेत्र में उगाई गई अफीम की फसल बरामद की गई है। खेत से लगभग 14 लाख 30 हजार पौधे जब्त किए गए हैं, जिनकी अनुमानित कीमत करीब 7.88 करोड़ रुपए बताई जा रही है।

जांच में सामने आया है कि फार्महाउस के चारों ओर गेट लगाए गए थे और सुरक्षा के लिए बाउंसर तैनात किए गए थे, जिससे आम लोगों का अंदर जाना लगभग असंभव था। डिजिटल सर्वे रिकॉर्ड में खेत में गेहूं और मक्का की खेती दिखाई गई थी, जबकि उसी की आड़ में अफीम उगाई जा रही थी।

मामले में विनायक ताम्रकर के अलावा उसके सहयोगी विकास बिश्नोई और फार्महाउस के मुंशी मनीष ठाकुर को गिरफ्तार किया गया है। वहीं दो आरोपी आंचला राम और श्रवण बिश्नोई फरार हैं। उनकी तलाश में पुलिस की टीम भेजी गई है और अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच की जा रही है।

कार्रवाई के दौरान न्यायिक मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पुलिस टीम खेत पर पहुंची और वहां लगे अफीम के पौधों को उखाड़कर जब्त किया गया। जांच में सामने आया कि पिछले कई वर्षों से इस क्षेत्र में अफीम की खेती की जा रही थी।

जमीन का रिकॉर्ड मुधमति बाला और प्रीति बाला के नाम दर्ज है। पुलिस दोनों महिलाओं से भी पूछताछ करने की तैयारी कर रही है। जांच में उनकी भूमिका सामने आने पर उनके खिलाफ भी कार्रवाई की जा सकती है।

प्रारंभिक जानकारी के अनुसार खेती के काम के लिए राजस्थान के मजदूरों को बुलाया गया था। मजदूरों के रहने के लिए फार्महाउस में मकान और अन्य सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई थीं।

पुलिस के मुताबिक लगभग 10 हजार स्क्वायर फीट क्षेत्र से करीब 21 किलो अफीम तैयार हो सकती है। ब्लैक मार्केट में एक किलो अफीम की कीमत करीब 1 से 2 लाख रुपए तक होती है, जबकि अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी कीमत लगभग 5 लाख रुपए प्रति किलो बताई जाती है।

मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक बयानबाजी भी तेज हो गई है। विपक्ष ने पूरे मामले की उच्च स्तरीय जांच की मांग की है और कहा है कि इस अवैध कारोबार में शामिल सभी लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। फिलहाल पुलिस फरार आरोपियों की तलाश कर रही है और पूरे नेटवर्क की जांच जारी है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई