कृषक उन्नति योजना पर सियासी संग्राम: अमरजीत भगत और अजय चंद्राकर आमने-सामने

रायपुर। छत्तीसगढ़ की साय सरकार द्वारा चलाई जा रही कृषक उन्नति योजना को लेकर प्रदेश में सियासी घमासान तेज हो गया है। भाजपा ने दावा किया है कि इस योजना का लाभ कांग्रेस नेताओं को भी मिल रहा है और इस संबंध में जानकारी सार्वजनिक की गई है।
भाजपा के इस बयान पर प्रदेश के पूर्व मंत्री अमरजीत भगत ने पलटवार करते हुए कहा कि योजना का लाभ मिलना कोई एहसान नहीं है। उन्होंने कहा कि भाजपा कांग्रेस नेताओं की पत्नी और बहू के नाम सार्वजनिक कर रही है, तो अपने नेताओं के परिवारजनों के नाम भी सामने लाए।
अमरजीत भगत ने तंज कसते हुए कहा कि भाजपा नेता बहुपत्नीक हो सकते हैं, इसलिए शायद नाम सार्वजनिक नहीं कर रहे होंगे।
वहीं, इस बयान पर भाजपा सरकार के पूर्व मंत्री और वर्तमान विधायक अजय चंद्राकर ने कड़ा जवाब दिया। अजय चंद्राकर ने कहा कि नाम और आंकड़े सार्वजनिक करने की परंपरा कांग्रेस ने ही शुरू की थी। अब जब कांग्रेस नेताओं के नाम सामने आए हैं तो उन्हें बुरा लग रहा है।
उन्होंने यह भी कहा कि तत्कालीन मुख्यमंत्री और कृषि-खाद्य मंत्री भी पहले नामों का उल्लेख करते थे। बहुपत्नीक वाले बयान पर प्रतिक्रिया देते हुए अजय चंद्राकर ने कहा कि अमरजीत भगत “कोमा में हैं” और उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लिया जाना चाहिए। उन्होंने आगे कहा कि कोमा में व्यक्ति बड़बड़ाता रहता है, वैसी ही स्थिति अमरजीत भगत की है।
इस बयानबाज़ी के बाद प्रदेश की राजनीति में आरोप-प्रत्यारोप का दौर और तेज हो गया है।





