रहंगी में सीएम कार्यक्रम से पहले हंगामा, कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों में बहस

बिलासपुर जिले के रहंगी में मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के प्रवास के दौरान आयोजित कार्यक्रम में उस समय हंगामा हो गया, जब भाजपा कार्यकर्ताओं और सुरक्षाकर्मियों के बीच तीखी बहस छिड़ गई। बताया जा रहा है कि कुछ कार्यकर्ता मुख्यमंत्री के स्वागत के लिए निर्धारित बैरिकेडिंग से आगे बढ़ने लगे, तभी सुरक्षा में तैनात जवानों ने उन्हें रोक दिया। इसी बात को लेकर दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हुई, जो कुछ देर में बहसबाजी में बदल गई।
स्थिति को बिगड़ता देख मौके पर मौजूद भाजपा नेताओं ने हस्तक्षेप किया और कार्यकर्ताओं को शांत कराया। समझाइश के बाद मामला नियंत्रण में आया और कार्यक्रम तय समय पर शुरू हो सका। हालांकि इस दौरान कुछ समय के लिए अफरा-तफरी का माहौल बना रहा।
मुख्यमंत्री रहंगी में आयोजित वृहद किसान सम्मेलन में शामिल होने पहुंचे हैं। कार्यक्रम के दौरान वे 263 करोड़ रुपये से अधिक लागत के 89 विकास कार्यों का लोकार्पण और शिलान्यास करेंगे। इन कार्यों में सड़क, पुल, अस्पताल और सिंचाई परियोजनाएं प्रमुख हैं। इसके साथ ही प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के तहत कई ग्रामीण सड़कों का उद्घाटन भी किया जाएगा।
मुख्यमंत्री साय प्रदेश के 24.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपये की राशि अंतरित करेंगे। इसे राज्य सरकार की किसान हितैषी पहल के रूप में देखा जा रहा है।





