तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से युवक की दर्दनाक मौत, दोस्त की आंखों के सामने घसीटकर गई जान

दुर्ग जिले में एक तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चला रहे युवक की मौके पर ही दर्दनाक मौत हो गई। बाइक पर पीछे बैठा उसका दोस्त बाल-बाल बच गया। हादसा पुलगांव थाना क्षेत्र के रसमड़ा स्थित रायपुर स्टील प्लांट के सामने हुआ।
जानकारी के अनुसार, ग्राम सलोनी निवासी ऐमंत साहू अपने साथी के साथ बाइक क्रमांक CG 07 ZR 3592 से रसमड़ा स्थित ए.एस. ग्लोबल फेब्रिकेशन कंपनी काम पर जा रहा था। ऐमंत बाइक चला रहा था और उसका दोस्त पीछे बैठा था। दोनों प्रतिदिन इसी बाइक से काम पर आते-जाते थे।
रायपुर स्टील प्लांट के सामने पीछे से आ रहे ट्रक क्रमांक CG 07 BF 3747 ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक तेज रफ्तार और लापरवाही से चलाया जा रहा था। टक्कर लगते ही पीछे बैठा युवक दूर जा गिरा, जबकि ऐमंत ट्रक के नीचे फंस गया।
बताया जा रहा है कि हादसे के बाद ट्रक कुछ क्षण के लिए मौके पर रुका रहा। घायल दोस्त अपने साथी को बचाने के लिए दौड़ा। आसपास मौजूद लोगों ने भी चालक को युवक के नीचे फंसे होने की जानकारी दी। इसके बावजूद चालक ने ट्रक को आगे बढ़ा दिया, जिससे ऐमंत काफी दूर तक घसीटता चला गया और उसकी मौके पर ही मौत हो गई।
लोगों के शोर मचाने पर ट्रक को रोका गया और पीछे करवाकर युवक को पहिए के पास से बाहर निकाला गया। उसे तत्काल रायपुर स्टील प्लांट की एंबुलेंस से भिलाई के एक निजी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद मृत घोषित कर दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ट्रक चालक के खिलाफ अपराध पंजीबद्ध कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस का कहना है कि मामले की विस्तृत जांच की जा रही है और दोषी के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।





