मेरठ जनसभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का कांग्रेस पर हमला

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मेरठ मेट्रो के उद्घाटन के बाद जनसभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने भारत में आयोजित विश्व के सबसे बड़े एआई सम्मेलन का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ राजनीतिक दल देश की उपलब्धियों को स्वीकार नहीं कर पा रहे हैं।
प्रधानमंत्री ने कहा कि एआई सम्मेलन में 80 से अधिक देशों के प्रतिनिधि शामिल हुए और 20 देशों के राष्ट्रीय अध्यक्ष भारत आए। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने इस अंतरराष्ट्रीय आयोजन को अपनी राजनीति का मंच बना दिया।
‘वैचारिक रूप से दिवालिया हो गई है कांग्रेस’
प्रधानमंत्री ने कहा कि विदेशी मेहमानों के सामने कांग्रेस नेताओं का व्यवहार देश की छवि को नुकसान पहुंचाने वाला था। उन्होंने तीखी टिप्पणी करते हुए कहा कि कांग्रेस वैचारिक रूप से दिवालिया हो चुकी है।
उन्होंने कहा कि भारत में जब गांव में कोई शादी या बड़ा आयोजन होता है तो पूरा गांव मिलकर उसकी प्रतिष्ठा बनाए रखने में जुट जाता है, लेकिन कांग्रेस देश को ही बदनाम करने में लगी हुई है।
‘एआई समिट भाजपा का कार्यक्रम नहीं था’
प्रधानमंत्री ने कहा कि कांग्रेस को याद रखना चाहिए कि एआई सम्मेलन किसी राजनीतिक दल का नहीं, बल्कि देश का कार्यक्रम था। वहां भाजपा का कोई नेता मौजूद नहीं था। यह भारत की प्रतिष्ठा और वैश्विक नेतृत्व से जुड़ा आयोजन था।
उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस संसद नहीं चलने देती और अपने साथियों को भी बोलने का अवसर नहीं देती। प्रधानमंत्री ने कहा कि देश की जनता अब सब देख रही है और कांग्रेस की लगातार आलोचना हो रही है।
प्रधानमंत्री का यह बयान ऐसे समय आया है जब देश में तकनीकी विकास और एआई जैसे विषयों पर वैश्विक स्तर पर भारत की भूमिका पर चर्चा तेज है।





