सशक्त एप से खुलासा: बिलासपुर में 10 दिन में 49 चोरी की बाइक बरामद, सिम्स कैंपस में सक्रिय गिरोह गिरफ्तार

छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में बाइक चोरी के मामलों पर अंकुश लगाने के लिए तैयार किया गया ‘सशक्त एप’ पुलिस के लिए प्रभावी साबित हो रहा है। एप की मदद से महज 10 दिनों में 49 चोरी की बाइक बरामद की गई हैं, जिनमें 25 वाहन बिलासपुर जिले से जब्त किए गए।

ड्रिंक एंड ड्राइव जांच के दौरान इस एप के जरिए सिम्स परिसर से बाइक चोरी करने वाले गिरोह तक पुलिस पहुंची। वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक रजनेश सिंह के निर्देश पर शहर में संदिग्ध वाहनों की सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है। सभी थाना प्रभारियों को चोरी की बाइकों का विवरण एप पर अपलोड करने के निर्देश दिए गए हैं।

सरकंडा थाना क्षेत्र में देर रात जांच के दौरान पुलिस ने एक नाबालिग को नशे की हालत में बाइक चलाते पकड़ा। एप से वाहन नंबर की जांच करने पर पता चला कि बाइक कोतवाली थाना क्षेत्र से चोरी की गई थी। पूछताछ में नाबालिग ने गिरोह के अन्य सदस्यों और मास्टरमाइंड की जानकारी दी। पुलिस ने चोरी की बाइक खरीदने वाले व्यक्ति सहित तीन आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की है।

ट्रैफिक एडिशनल एसपी रामगोपाल करियारे ने सभी चेकिंग पाइंट पर तैनात जवानों को प्रतिदिन कम से कम 10 संदिग्ध वाहनों की जांच करने के निर्देश दिए हैं। पुलिस का कहना है कि यदि सभी पाइंट पर नियमित जांच हो तो रोजाना 300 से अधिक वाहनों का सत्यापन संभव है।

‘सशक्त एप’ आम नागरिकों के लिए भी उपलब्ध है। कोई भी व्यक्ति प्ले स्टोर से एप डाउनलोड कर वाहन नंबर दर्ज कर उसकी स्थिति जान सकता है। एप यह बताता है कि वाहन चोरी का है, संदिग्ध है या लावारिस के रूप में दर्ज है। पब्लिक मॉड्यूल के जरिए लोग सीधे पुलिस को सूचना भी दे सकते हैं।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार एप में चोरी और लावारिस वाहनों का डिजिटल डाटाबेस तैयार किया गया है, जिससे मौके पर ही वाहन का सत्यापन संभव हो जाता है। अधिकारियों का मानना है कि यह तकनीक वाहन चोरी के मामलों में प्रभावी नियंत्रण के लिए अहम साबित हो रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई