Airtel का बड़ा कदम: OTP लीक से होने वाले बैंकिंग फ्रॉड पर लगेगा लगाम, AI-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च

नई दिल्ली। देश में बढ़ते OTP आधारित बैंकिंग फ्रॉड को रोकने के लिए Airtel ने नया AI-पावर्ड फ्रॉड अलर्ट सिस्टम लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि यह फीचर ग्राहकों को रियल-टाइम में संभावित धोखाधड़ी से सचेत करेगा और बैंकिंग ट्रांजैक्शन को सुरक्षित बनाएगा।
अक्सर ठग डिलीवरी एजेंट, कस्टमर केयर या बैंक अधिकारी बनकर कॉल करते हैं और ग्राहकों पर जल्दबाज़ी का दबाव बनाते हैं। इसी दौरान वे बैंकिंग ट्रांजैक्शन से जुड़ा OTP साझा करने के लिए कहते हैं। OTP मिलते ही खाते से रकम निकाल ली जाती है।
क्या करेगा नया AI सिस्टम?
एयरटेल का यह AI-आधारित सिस्टम नेटवर्क स्तर पर काम करेगा। यदि किसी संदिग्ध इनकमिंग कॉल के दौरान बैंक से OTP मैसेज आता है, तो सिस्टम तुरंत ‘फ्रॉड अलर्ट’ जारी करेगा।
ग्राहक को चेतावनी दी जाएगी कि कॉल पर रहते हुए OTP साझा करना जोखिम भरा हो सकता है। कंपनी के अनुसार, यह रियल-टाइम अलर्ट स्कैमर्स की चाल को विफल करने के लिए यूज़र को सोचने और सतर्क होने का समय देगा।
एयरटेल CEO का बयान
Airtel इंडिया के मैनेजिंग डायरेक्टर और सीईओ शाश्वत शर्मा ने कहा,
“हम एयरटेल को एक सुरक्षित नेटवर्क बनाने के मिशन पर काम कर रहे हैं। डिजिटल लेन-देन में OTP की अहम भूमिका है, लेकिन अपराधी इसकी सुरक्षा को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। हमारा नया AI-पावर्ड समाधान नेटवर्क स्तर पर सक्रिय रहकर रियल-टाइम में धोखाधड़ी की पहचान करता है और उसे रोकने के लिए डिज़ाइन किया गया है।”
उन्होंने दावा किया कि व्यापक परीक्षणों में इस तकनीक ने उच्च सटीकता के साथ स्कैम्स को रोकने में प्रभावशीलता दिखाई है।
पहले भी उठाए गए कदम
पिछले दो वर्षों में एयरटेल ने स्पैम कॉल अलर्ट, खतरनाक लिंक ब्लॉकिंग जैसे AI-आधारित फीचर्स शुरू किए हैं। कंपनी का कहना है कि इससे नेटवर्क पर फ्रॉड में कमी आई है, हालांकि ठग अब भी नई तरकीबों से लोगों को निशाना बना रहे हैं।
कब मिलेगा यह फीचर?
यह समाधान फिलहाल हरियाणा में सक्रिय किया गया है। Airtel इसे अगले दो हफ्तों में चरणबद्ध तरीके से देशभर के सभी ग्राहकों के लिए उपलब्ध कराएगा।
नया AI फ्रॉड अलर्ट सिस्टम मोबाइल यूज़र्स को OTP लीक से होने वाले बैंकिंग फ्रॉड से बचाने की दिशा में एक अहम पहल माना जा रहा है।





