राहुल गांधी का हमला- NEET छात्रा की मौत और पप्पू यादव की गिरफ्तारी ने सिस्टम की सड़ांध उजागर की

पटना। कांग्रेस सांसद और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी ने पटना में NEET की तैयारी कर रही छात्रा की संदिग्ध मौत और सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी को लेकर सरकार पर तीखा हमला बोला है। राहुल गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर लिखा कि इस पूरी घटना ने एक बार फिर “सिस्टम की गहरी सड़ांध” को उजागर कर दिया है।
राहुल गांधी ने कहा कि जब पीड़ित परिवार ने निष्पक्ष जांच और न्याय की मांग की, तो भाजपा-NDA का वही पुराना मॉडल सामने आया केस को भटकाना, परिजनों को प्रताड़ित करना और अपराधियों को सत्ता का संरक्षण देना।
उन्होंने आरोप लगाया कि इस बेटी के लिए न्याय की आवाज उठाने वाले सांसद पप्पू यादव की गिरफ्तारी खुला राजनीतिक प्रतिशोध है, ताकि जवाबदेही मांगने वाली हर आवाज को डराया और दबाया जा सके।
राहुल गांधी ने इसे सिर्फ एक घटना नहीं, बल्कि खतरनाक पैटर्न करार दिया। उन्होंने कहा कि यह राजनीति का नहीं, बल्कि इंसाफ का सवाल है और यह बिहार की बेटी की इज्जत और सुरक्षा से जुड़ा मामला है।
प्रियंका गांधी ने भी साधा निशाना
इस बीच, कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने भी पप्पू यादव से फोन पर बात की और उन्हें अच्छे वकील की सलाह दी। बाद में एक्स पर पोस्ट करते हुए प्रियंका गांधी ने लिखा कि पटना के हॉस्टल में NEET की तैयारी कर रही छात्रा के साथ रेप और हत्या का मामला बेहद झकझोर देने वाला है, लेकिन इससे भी ज्यादा डरावना सरकार का रवैया है।
उन्होंने सवाल उठाया कि FIR से लेकर जांच और कार्रवाई तक सबकुछ संदिग्ध क्यों बनाया जा रहा है और आखिर किसे बचाया जा रहा है?
प्रियंका गांधी ने हाथरस, उन्नाव, अंकिता भंडारी और पटना का जिक्र करते हुए कहा कि जहां-जहां महिलाओं के साथ अत्याचार होते हैं, वहां भाजपा की सरकारें पीड़ितों के बजाय आरोपियों के साथ खड़ी नजर आती हैं। पप्पू यादव की गिरफ्तारी को उन्होंने इसी असंवेदनशील रवैये की कड़ी बताया।
पप्पू यादव की तबीयत बिगड़ी, अस्पताल में भर्ती
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को 1995 के एक कथित जमीन विवाद मामले में गिरफ्तारी के बाद तबीयत बिगड़ने पर पीएमसीएच से इंदिरा गांधी हृदय रोग संस्थान में शिफ्ट किया गया है।
पटना पुलिस के अनुसार, यह मामला गर्दनीबाग थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जिसमें IPC (अब BNS) की धारा 419, 420, 468, 448, 506 और 120B के तहत केस दर्ज है। अदालत में पेश न होने के कारण उन्हें गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तारी के समय पप्पू यादव ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताते हुए कहा था, “मैं ठीक नहीं हूं… मुझे नहीं पता मेरे साथ क्या होगा।”





