रायपुर में 7 लाख की चोरी का आरोपी गिरफ्तार, कई राज्यों में कर चुका है करोड़ों की वारदात

रायपुर की तीन दुकानों से करीब 7 लाख रुपए की नकदी चोरी करने वाले शातिर आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी की पहचान लोकेश श्रीवास उर्फ गोलू के रूप में हुई है, जो लंबे समय से चोरी की वारदातों में सक्रिय था। वारदात के बाद वह नागपुर और दिल्ली फरार हो गया था, लेकिन रायपुर लौटते ही पुलिस के हत्थे चढ़ गया।
एंटी क्राइम एंड साइबर यूनिट और सिविल लाइन थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने गोपनीय सूचना के आधार पर घेराबंदी कर आरोपी को पकड़ा। पुलिस अधिकारियों ने गिरफ्तारी की पुष्टि करते हुए बताया कि आरोपी दूसरे राज्यों में भी कई बड़ी चोरी की घटनाओं में वांटेड है।
पूछताछ के दौरान आरोपी ने कई चौंकाने वाले खुलासे किए। उसने बताया कि वह अब तक दिल्ली, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना सहित कई राज्यों में 40 करोड़ रुपए से अधिक की चोरी कर चुका है। आरोपी ने यह भी कहा कि वह सोने की कैंची से प्रधानमंत्री के बाल काटने की इच्छा रखता था, जिससे पुलिस भी हैरान रह गई।
जानकारी के अनुसार, सिविल लाइन थाना क्षेत्र के पंडरी इलाके में 31 जनवरी और 1 फरवरी की रात तीन दुकानों में तोड़फोड़ कर नकदी चोरी की गई थी। एक कपड़े की दुकान से 2.75 लाख रुपए, फर्नीचर दुकान से 1.40 लाख रुपए और हार्डवेयर दुकान से 2.85 लाख रुपए चोरी किए गए थे। इस तरह कुल चोरी की रकम करीब 7 लाख रुपए रही।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थलों के सीसीटीवी फुटेज खंगाले और तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर आरोपी की पहचान की गई। पूछताछ में उसने चोरी की घटनाओं को स्वीकार किया। उसके पास से 79,500 रुपए नकद और दो मोबाइल फोन बरामद किए गए हैं।
पुलिस के अनुसार, लोकेश श्रीवास पर दिल्ली, तेलंगाना, उत्तर प्रदेश, राजनांदगांव, दुर्ग और अन्य क्षेत्रों में ज्वेलरी शॉप और शोरूम में चोरी के कई मामले दर्ज हैं। वह अब तक दो दर्जन से अधिक वारदातों को अंजाम दे चुका है।
आरोपी कवर्धा का रहने वाला है और उसने वर्ष 2011 में पहली चोरी की थी। इसके बाद वह लगातार आपराधिक गतिविधियों में शामिल रहा। वर्ष 2018 में ज्वेलरी शॉप में चोरी के अलावा वह पहले जेल से फरार होने के मामले में भी शामिल रह चुका है।
फिलहाल पुलिस आरोपी से आगे की पूछताछ कर रही है और उसके नेटवर्क व अन्य मामलों की जानकारी जुटाई जा रही है। मामले में कानूनी कार्रवाई जारी है।





