ब्राह्मण समाज को लेकर बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव का बयान, मध्य प्रदेश की राजनीति में बढ़ी हलचल

मध्य प्रदेश में यूजीसी के नए नियमों को लेकर चल रहे विवाद के बीच बीजेपी विधायक गोपाल भार्गव का बयान सामने आया है, जिससे राज्य की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। उन्होंने कहा है कि कई संगठन ब्राह्मण समाज को निशाना बना रहे हैं और उन्हें दबाने का प्रयास कर रहे हैं।

सागर जिले की रहली विधानसभा सीट से विधायक और पूर्व मंत्री गोपाल भार्गव एक कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे थे। इसी दौरान उन्होंने मंच से कहा कि आज कई संगठनों का एक ही लक्ष्य रह गया है, वह है ब्राह्मण समाज को कमजोर करना और हाशिए पर ले जाना। उनके इस बयान के बाद राजनीतिक गलियारों में चर्चा तेज हो गई है।

विधायक भार्गव ने कहा कि ब्राह्मण समाज आज सभी की आंखों में खटक रहा है और अब समय आ गया है कि समाज को एकजुट होकर अपने अधिकारों के लिए आवाज उठानी चाहिए। उन्होंने समाज से संगठित होकर आगे बढ़ने की अपील की।

यह बयान उस समय सामने आया है, जब हाल ही में यूजीसी के नए नियमों का सवर्ण समाज ने विरोध किया था और मामला सुप्रीम कोर्ट तक पहुंचा था। कोर्ट द्वारा इन नियमों पर रोक लगाए जाने के बाद यह मुद्दा और अधिक चर्चा में आ गया है।

इसके अलावा विधायक गोपाल भार्गव ने केंद्रीय बजट पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि बजट 2026-27 प्रधानमंत्री के विकसित भारत के विजन को आगे बढ़ाने वाला है। यह बजट गरीबों, युवाओं, किसानों और महिलाओं के उत्थान पर केंद्रित है, जिससे राज्यों को भी सीधा लाभ मिलेगा।

उन्होंने यह भी कहा कि बजट के माध्यम से किसानों को तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम उठाए गए हैं। बहुभाषी एआई चैटबोट जैसी योजनाओं से किसानों को अपनी भाषा में खेती और मौसम से जुड़ी जानकारी मिल सकेगी।

फिलहाल विधायक के इस बयान के बाद राज्य में सामाजिक और राजनीतिक स्तर पर बहस तेज हो गई है। आने वाले दिनों में इस मुद्दे पर राजनीतिक प्रतिक्रियाएं और तेज होने की संभावना जताई जा रही है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई