बिलासपुर से 850 श्रद्धालुओं की स्पेशल ट्रेन अयोध्या रवाना, काशी विश्वनाथ दर्शन का भी मिलेगा लाभ

रायपुर।भगवान राम की जन्मभूमि अयोध्या धाम की यात्रा को आसान बनाने के लिए राज्य सरकार की महत्वाकांक्षी योजना के तहत आज बिलासपुर रेलवे स्टेशन से 850 श्रद्धालुओं को लेकर स्पेशल ट्रेन अयोध्या के लिए रवाना हुई। इस यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं को वाराणसी में काशी विश्वनाथ मंदिर के दर्शन का विशेष अवसर भी मिलेगा।
पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री राजेश अग्रवाल ने श्रद्धालुओं को भेजे संदेश में कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में राज्य सरकार धार्मिक पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल और आईआरसीटीसी के सहयोग से यात्रियों को बेहतर सुविधाएं दी जा रही हैं, जो सरकार की जन-केंद्रित सोच को दर्शाता है।
बिलासपुर रेलवे स्टेशन पर सुबह से ही भक्तिमय माहौल रहा। ‘जय श्री राम’ के नारों से स्टेशन गूंजता रहा। श्रद्धालु भजन-कीर्तन करते नजर आए। स्टेशन परिसर को फूलों, रंगोली और भगवा ध्वजों से सजाया गया था। छत्तीसगढ़ टूरिज्म बोर्ड और आईआरसीटीसी के कर्मचारियों ने यात्रियों का चाय, नाश्ता और स्मृतिचिन्ह देकर स्वागत किया। इस अवसर पर जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश सूर्यवंशी, मुंगेली जिला पंचायत अध्यक्ष श्रीकांत पांडे, सभापति अंबालिका साहू सहित जिला प्रशासन के अधिकारी उपस्थित रहे।
ट्रेन में सवार श्रद्धालुओं ने यात्रा व्यवस्था की सराहना की। मुंगेली की सुनीता बाई ने कहा कि उन्हें पहली बार अयोध्या जाने का सौभाग्य मिला है और राज्य सरकार की योजना से यात्रा बेहद आसान हो गई। वहीं, बिलासपुर के रामेश्वर साहू ने बताया कि स्टेशन और ट्रेन का माहौल देखकर वे बेहद प्रसन्न हैं और यह यात्रा उनके लिए यादगार रहेगी।
योजना के तहत श्रद्धालुओं को निःशुल्क यात्रा टिकट, शाकाहारी भोजन और चिकित्सा सुविधा दी जा रही है। छत्तीसगढ़ पर्यटन मंडल यात्रा का संपूर्ण प्रबंधन कर रहा है, जबकि आईआरसीटीसी टिकटिंग, भोजन और दर्शन की व्यवस्था संभाल रहा है। राज्य सरकार की यह पहल धार्मिक पर्यटन, सांस्कृतिक समृद्धि और सामाजिक एकता को मजबूती देने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।





