केंद्रीय बजट से चमकेगा बिलासपुर, पर्यटन और विकास को मिलेगी नई उड़ान

केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा पेश आम बजट 2026–27 का सीधा लाभ अब छत्तीसगढ़ की न्यायधानी बिलासपुर को भी मिलने की उम्मीद है। बजट में टियर–2 और टियर–3 शहरों के विकास के लिए नई योजनाओं की घोषणा की गई है, जिससे बिलासपुर में पर्यटन और इंफ्रास्ट्रक्चर को नई रफ्तार मिल सकती है।
बिलासपुर जिला पहले से ही धार्मिक, ऐतिहासिक और इको-टूरिज्म का प्रमुख केंद्र माना जाता है। रतनपुर स्थित मां महामाया मंदिर, ऐतिहासिक मल्हार, खूंटाघाट बांध और कानन पेंडारी प्राणी उद्यान जैसे पर्यटन स्थल लोगों के आकर्षण का केंद्र हैं। बजट में पर्यटन को बढ़ावा देने के ऐलान से इन स्थलों के विकास और सुविधाओं के विस्तार की संभावनाएं और मजबूत हुई हैं।
केंद्र सरकार ने पर्यटन को रोजगार सृजन का बड़ा माध्यम बताया है। बजट में युवाओं के लिए विशेष स्किल डेवलपमेंट प्रोग्राम की घोषणा की गई है, जिसमें होटल सेवा, टूर गाइड, ट्रैवल मैनेजमेंट और डिजिटल सेवाएं शामिल हैं। इससे बिलासपुर के स्थानीय युवाओं को रोजगार के नए अवसर मिल सकेंगे।
इसके साथ ही हर ‘सिटी इकोनॉमिक रीजन’ को पांच साल में 5,000 करोड़ रुपये देने की घोषणा की गई है। बिलासपुर को भी इस योजना में शामिल किए जाने की संभावना जताई जा रही है, जिससे पर्यटन, मैन्युफैक्चरिंग और सेवा क्षेत्र को बड़ा लाभ मिल सकता है।
बजट में होमस्टे और छोटे होटल उद्योग को बढ़ावा देने की बात भी कही गई है। महापौर पूजा विधानी के अनुसार, यह बजट शहर के समग्र विकास और मूलभूत सुविधाओं को मजबूत करने में अहम भूमिका निभाएगा। कुल मिलाकर, यह बजट बिलासपुर के लिए विकास और रोजगार के नए रास्ते खोलने वाला साबित हो सकता है।





