बिलासपुर पुलिस लाइन में 93 कर्मचारियों को मिला आवास, पारदर्शी तरीके से हुआ आवंटन

बिलासपुर। पुलिस लाइन में रहने के लिए लंबे समय से इंतजार कर रहे 93 पुलिस कर्मचारियों को आखिरकार आवास मिल गया है। बिलासपुर पुलिस ने पारदर्शी पर्ची प्रणाली के जरिए सभी पात्र अधिकारियों और कर्मचारियों को आवास आवंटित किए।
पुलिस अधिकारियों की मौजूदगी में सभी आवेदकों के सामने पर्चियां निकाली गईं, जिससे पूरी प्रक्रिया पर भरोसा बना रहा। इस पारदर्शी प्रक्रिया से कर्मचारियों में काफी उत्साह देखने को मिला।
पुलिस ने ऐसे मकानों की पहचान की जो लंबे समय से खाली, जर्जर या गलत उपयोग में थे और उन्हें सही तरीके से कर्मचारियों को सौंपा गया। साथ ही कर्मचारियों को प्रेरित किया गया कि वे अपने वेतन से कुछ बचत कर खुद का घर बनाएं, जिससे वे भविष्य में अपने परिवार के साथ सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन जी सकें।
इसके अलावा, पुराने और खराब हो चुके मकानों की जगह नए मकान बनाने की योजना भी बनाई जा रही है, ताकि आने वाले समय में और ज्यादा कर्मचारियों को आवास सुविधा मिल सके।





