छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर मुठभेड़ में 7 नक्सली ढेर, एक जवान शहीद

छत्तीसगढ़-महाराष्ट्र सीमा पर अबूझमाड़ के जंगल क्षेत्र में सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच हुई मुठभेड़ में सात नक्सली मारे गए हैं। इनमें तीन महिला नक्सली भी शामिल हैं। इस कार्रवाई में महाराष्ट्र पुलिस के एक जवान शहीद हो गए, जबकि एक अन्य जवान घायल हुआ है।

जानकारी के अनुसार, 6 फरवरी की सुबह सुरक्षाबलों और नक्सलियों के बीच दोनों ओर से गोलीबारी शुरू हुई। महाराष्ट्र के सी-60 कमांडो दल ने पहले तीन और फिर चार नक्सलियों को मार गिराया। मुठभेड़ के दौरान नक्सलियों की फायरिंग में कांस्टेबल दीपक चिन्ना मदावी गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें एयरलिफ्ट कर अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।

शहीद जवान को पूरे सम्मान के साथ गार्ड ऑफ ऑनर दिया गया और उनका पार्थिव शरीर गृहग्राम के लिए रवाना किया गया। इस दौरान परिजनों और अधिकारियों की उपस्थिति में श्रद्धांजलि दी गई। घटना में घायल जवान जोगा मदवी का इलाज जारी है और उनकी हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है।

मुठभेड़ स्थल से सुरक्षाबलों ने सात नक्सलियों के शव बरामद किए हैं, जिनमें चार पुरुष और तीन महिलाएं शामिल हैं। इसके साथ ही एक एके-47 और एक एसएलआर राइफल समेत अन्य हथियार भी जब्त किए गए हैं। मारे गए नक्सलियों की पहचान की प्रक्रिया जारी है।

पुलिस अधिकारियों के अनुसार, क्षेत्र में अभी भी सर्च ऑपरेशन और तलाशी अभियान चलाया जा रहा है, ताकि किसी अन्य नक्सली की मौजूदगी का पता लगाया जा सके। सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया गया है।

इससे एक दिन पहले बीजापुर जिले में भी सुरक्षाबलों ने नक्सली कमांडर उधम सिंह को मुठभेड़ में मार गिराया था, जो वर्ष 2021 में हुए हमले में शामिल था। उस हमले में 22 जवान शहीद हुए थे।

आंकड़ों के अनुसार, जनवरी 2024 से अब तक अलग-अलग मुठभेड़ों में 232 नक्सली मारे जा चुके हैं, जबकि सैकड़ों नक्सलियों को गिरफ्तार किया गया है और कई ने आत्मसमर्पण कर मुख्यधारा में वापसी की है।

पुलिस का कहना है कि शीर्ष नक्सली नेताओं की तलाश लगातार जारी है और नक्सल विरोधी अभियानों को आगे भी इसी तरह सख्ती से जारी रखा जाएगा।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button