देश के 47% मंत्रियों पर आपराधिक केस, 174 पर गंभीर आरोप

दिल्ली। चुनाव सुधार संस्था एसोसिएशन फॉर डेमोक्रेटिक रिफॉर्म्स (ADR) की ताजा रिपोर्ट ने चौंकाने वाला खुलासा किया है। देशभर के 643 मंत्रियों में से 302 यानी करीब 47% मंत्रियों ने खुद स्वीकार किया है कि उनके खिलाफ आपराधिक मामले दर्ज हैं। इनमें से 174 मंत्री हत्या, अपहरण और महिलाओं के खिलाफ अपराध जैसे गंभीर आरोपों का सामना कर रहे हैं।
केंद्र सरकार के 72 मंत्रियों में से 29 (40%) पर आपराधिक केस दर्ज हैं। भाजपा के 336 मंत्रियों में से 136 (40%) आरोपी हैं, जिनमें 88 पर गंभीर आरोप हैं। कांग्रेस के 61 मंत्रियों में से 45 (74%) पर केस हैं, जबकि डीएमके के 31 में से 27 मंत्री आरोपी हैं। टीडीपी सबसे आगे है, जहां 96% मंत्रियों पर केस दर्ज हैं। आम आदमी पार्टी के 16 में से 11 मंत्री भी आपराधिक मामलों का सामना कर रहे हैं।
रिपोर्ट में बताया गया कि आंध्र प्रदेश, तमिलनाडु, बिहार, महाराष्ट्र, ओडिशा और कर्नाटक समेत 11 राज्यों में 60% से ज्यादा मंत्री आपराधिक मामलों में आरोपी हैं। वहीं, हरियाणा, जम्मू-कश्मीर, नागालैंड और उत्तराखंड में किसी भी मंत्री पर केस दर्ज नहीं है।
ADR ने इन मंत्रियों की संपत्ति का विश्लेषण भी किया। 643 मंत्रियों की कुल संपत्ति 23,929 करोड़ रुपए आंकी गई है, यानी औसतन हर मंत्री के पास 37.21 करोड़ रुपए की संपत्ति है। कर्नाटक में सबसे ज्यादा 8 अरबपति मंत्री हैं। पार्टीवार देखें तो भाजपा के 14, कांग्रेस के 11 और टीडीपी के 6 मंत्री अरबपति हैं।
महिला नेताओं पर भी आपराधिक मामले दर्ज हैं। देश की 512 महिला सांसदों और विधायकों में से 143 (28%) पर केस दर्ज हैं, जबकि 78 गंभीर आरोपों का सामना कर रही हैं। इनमें से 17 महिला नेता अरबपति हैं।





