छत्तीसगढ़ के नक्सल क्षेत्रों में लगेंगे BSNL के 400 नए टॉवर

रायपुर। छत्तीसगढ़ के नक्सल प्रभावित और दूरस्थ इलाकों के लिए केंद्र सरकार ने एक बड़ी पहल की है। केंद्रीय राज्यमंत्री डॉ. पेम्मासानी चंद्रशेखर ने जानकारी दी कि इन क्षेत्रों में बीएसएनएल के 400 नए मोबाइल टॉवर लगाए जाएंगे। रायपुर में राज्य के अधिकारियों के साथ बैठक के बाद उन्होंने कहा कि टावर लगाने की प्रक्रिया सुरक्षा बल और वन विभाग की मंजूरी के बाद शुरू की जाएगी।
डॉ. शेखर ने बताया कि नक्सल क्षेत्रों में विकास कार्य मिशन मोड में चल रहे हैं। इन इलाकों में सरकारी सेवाओं को घर-घर पहुंचाने की योजना बनाई गई है। स्कूलों के डिजिटलीकरण से छात्र अब जेईई, नीट जैसी प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी ऑनलाइन कर पा रहे हैं। इसमें बीएसएनएल की 4जी सेवा अहम भूमिका निभा रही है।
उन्होंने कहा कि डिजिटल इंडिया के तहत देश के अंतिम गांव तक नेटवर्क पहुंचाना सरकार का लक्ष्य है। इस बैठक में ग्रामीण विकास, डाक, दूरसंचार विभाग और बीएसएनएल के अधिकारी मौजूद थे।
राज्यमंत्री ने छत्तीसगढ़ में महिलाओं की भागीदारी की भी तारीफ की। उन्होंने कहा कि ‘पिंक ऑटो’ योजना महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में सराहनीय कदम है। स्वयं सहायता समूहों के जरिए महिलाओं को वित्तीय मदद, प्रशिक्षण और विपणन के साधन उपलब्ध कराए जा रहे हैं। यह नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक सकारात्मक बदलाव है।





