बस्तर में 25 नक्सलियों का सरेंडर, 2.90 करोड़ कैश और 7.20 किलो सोना बरामद

बस्तर। नक्सलवाद खात्मे की डेडलाइन के अंतिम दिन दंडकारण्य स्पेशल जोनल कमेटी (DKSZC) के 25 नक्सलियों ने हथियारों के साथ आत्मसमर्पण किया। इनमें 12 महिला और 13 पुरुष नक्सली शामिल हैं, जिन पर कुल 1 करोड़ 47 लाख रुपये का इनाम घोषित था।
आत्मसमर्पण के दौरान अब तक की बड़ी बरामदगी हुई है, जिसमें 2 करोड़ 90 लाख रुपये नकद, 7.20 किलो सोना (करीब 11.16 करोड़ रुपये) और 93 घातक हथियार शामिल हैं।
सरेंडर करने वालों में CyPC मंगल कोरसा उर्फ मोटू, CyPC आकाश उर्फ फागु उईका, DVCM शंकर मुचाकी, ACM राजू रैयाम उर्फ मुन्ना और ACM पाले कुरसम जैसे वरिष्ठ माओवादी कैडर शामिल हैं, जिन्होंने संगठन छोड़कर मुख्यधारा में लौटने का फैसला किया है।
बरामद हथियारों में AK-47, SLR, इंसास, कार्बाइन, 303 रायफल, पिस्टल, BGL लॉन्चर और 12 बोर सहित कुल 93 हथियार शामिल हैं। यह सरेंडर नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता माना जा रहा है।





