रहंगी में 10,324 करोड़ का अंतरण: 25 लाख से अधिक किसानों को मिली आदान सहायता, 263 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने बिलासपुर जिला के बिल्हा विकासखंड स्थित रहंगी में कृषक उन्नति योजना के तहत आयोजित आदान सहायता राशि वितरण समारोह और वृहद किसान सम्मेलन में प्रदेश के 25.28 लाख किसानों के खातों में 10 हजार 324 करोड़ रुपए से अधिक की राशि का अंतरण किया। इनमें बिलासपुर जिले के 1 लाख 25 हजार 352 किसान शामिल हैं, जिनके खातों में 494.38 करोड़ रुपए की राशि भेजी गई। होली से पहले किसानों को यह आर्थिक सहायता प्रदान करते हुए मुख्यमंत्री ने इसे अन्नदाताओं के सम्मान का दिन बताया।

मुख्यमंत्री साय ने जिले के विकास को गति देते हुए 15.99 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हुए 7 कार्यों का लोकार्पण और 247.18 करोड़ रुपए की लागत के 82 कार्यों का शिलान्यास भी किया। कार्यक्रम में अतिथियों का खुमरी और नांगर भेंटकर सम्मान किया गया तथा ‘कृषक उन्नति योजना का वरदान, छत्तीसगढ़ का हर किसान धनवान’ विषय पर आधारित वीडियो का विमोचन हुआ। मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार किसान हितैषी है और शून्य प्रतिशत ब्याज पर ऋण, समय पर भुगतान तथा समर्थन मूल्य जैसी व्यवस्थाओं से किसानों को सशक्त बनाया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि इस वर्ष 25 लाख से अधिक किसानों ने धान बेचा है और सरकार ने रिकॉर्ड समर्थन मूल्य का लाभ सुनिश्चित किया है। भूमिहीन कृषि मजदूरों को भी सहायता राशि दी जा रही है। खाद पर सब्सिडी, सिंचाई सुविधाओं का विस्तार और सहकारिता तंत्र को मजबूत करने के प्रयास किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा किसानों को सम्मान निधि के रूप में 6 हजार रुपए दिए जा रहे हैं और राज्य बजट में कृषि के लिए 13 हजार करोड़ रुपए से अधिक का प्रावधान सरकार की प्रतिबद्धता दर्शाता है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि बस्तर में नक्सलवाद समाप्ति की ओर है और मार्च 2026 तक इसे पूरी तरह खत्म करने का संकल्प है। खनिज संसाधनों के समुचित उपयोग से राज्य को विकास के पथ पर आगे बढ़ाया जा रहा है। पशुपालन को बढ़ावा देने के लिए एनडीडीबी से समझौता किया गया है, जिससे प्रदेश में दुग्ध क्रांति का मार्ग प्रशस्त होगा। उन्होंने सुशासन एवं अभिसरण विभाग के गठन और ई-ऑफिस प्रणाली लागू कर प्रशासन में पारदर्शिता लाने की बात भी दोहराई।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने चकरभाटा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में उन्नयन, मंगला की माध्यमिक शाला को हाई स्कूल में उन्नयन तथा रहंगी खेल मैदान में बाउंड्रीवॉल और स्टेज निर्माण की घोषणा की। इसके अलावा सतनामी समाज और पत्थरखान के आदिवासी समाज के सामुदायिक भवनों के लिए 50-50 लाख रुपए देने की घोषणा भी की गई।
कृषि मंत्री राम विचार नेताम ने इसे ऐतिहासिक क्षण बताते हुए किसानों को फसल विविधीकरण अपनाने और दलहन-तिलहन उत्पादन बढ़ाने का आह्वान किया। बिल्हा विधायक धरमलाल कौशिक ने कहा कि मुख्यमंत्री किसानों की मेहनत और दर्द को समझते हैं और होली से पहले आर्थिक सौगात देकर उन्हें सम्मानित किया है। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में किसान, जनप्रतिनिधि और अधिकारी उपस्थित रहे।





