वंदे मातरम् के 150 साल पूरे: देशभर में शुरू होगा वर्षभर चलने वाला महाअभियान, छत्तीसगढ़ में भी होंगे भव्य कार्यक्रम

रायपुर। “वंदे मातरम्” के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में एक साल तक चलने वाला बड़ा राष्ट्रीय अभियान शुरू होने जा रहा है। भारत सरकार के संस्कृति मंत्रालय के मार्गदर्शन में इस ऐतिहासिक अवसर को जनभागीदारी के साथ चार चरणों में मनाया जाएगा। छत्तीसगढ़ में भी ग्राम पंचायत से लेकर राज्य स्तर तक इस अभियान को भव्य रूप से मनाने की तैयारी की गई है।
कार्यक्रम का शुभारंभ 7 नवंबर 2025 को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी करेंगे। यह राष्ट्रीय कार्यक्रम सुबह 10 से 11 बजे तक दूरदर्शन पर प्रसारित होगा। प्रधानमंत्री के संबोधन के बाद पूरे देश में एक साथ “वंदे मातरम्” का सामूहिक गायन होगा। गीत के बोल और धुन पोर्टल vandemataram150.in पर उपलब्ध कराए गए हैं।
चार चरणों में पूरे साल मनाया जाएगा उत्सव
पहला चरण 7 से 14 नवंबर 2025 तक, दूसरा 19 से 26 जनवरी 2026 तक, तीसरा 7 से 15 अगस्त 2026 (हर घर तिरंगा अभियान के साथ) और चौथा 1 से 7 नवंबर 2026 तक चलेगा। इस दौरान पूरे राज्य में राष्ट्रगीत के सामूहिक गायन के साथ अनेक देशभक्ति कार्यक्रम होंगे।
जिलों में जनप्रतिनिधियों की भागीदारी
हर जिले में मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि विशेष कार्यक्रमों में शामिल होंगे। स्थानीय कलाकारों, छात्रों और सामाजिक संगठनों की भागीदारी से यह अभियान जनआंदोलन का रूप लेगा।
विद्यालयों में देशभक्ति से जुड़े आयोजन
राज्य के स्कूलों और कॉलेजों में “वंदे मातरम्” विषय पर निबंध, वाद-विवाद, पोस्टर प्रतियोगिता और सांस्कृतिक कार्यक्रम होंगे। एनसीसी, एनएसएस, स्काउट-गाइड और स्कूल बैंड देशभक्ति गीतों की प्रस्तुतियाँ देंगे।
‘वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ’ की पहल
राज्यभर में “वंदे मातरम् ऑडियो-वीडियो बूथ” स्थापित किए जाएंगे, जहां लोग अपनी आवाज़ में “वंदे मातरम्” गाकर उसे पोर्टल पर अपलोड कर सकेंगे। इससे हर नागरिक को राष्ट्रप्रेम व्यक्त करने का एक नया अवसर मिलेगा।
मुख्यमंत्री विष्णु देव साय ने कहा कि “वंदे मातरम्” की 150वीं वर्षगांठ केवल एक स्मरणीय पल नहीं, बल्कि यह देश की एकता, गर्व और मातृभूमि के प्रति समर्पण का प्रतीक है। यह आयोजन नई पीढ़ी में देशभक्ति और राष्ट्रीय चेतना को और मजबूत करेगा।





