BBM डिवीजन के 15 नक्सली 3 मार्च तक करेंगे आत्मसमर्पण, गृहमंत्री करेंगे वीडियो जारी

रायपुर। छत्तीसगढ़ में नक्सलियों के आत्मसमर्पण और पुनर्वास के क्रम में बीबीएम डिवीजन के 15 नक्सली 3 मार्च तक हथियार के साथ आत्मसमर्पण करने को तैयार हैं। यह जानकारी गृहमंत्री विजय शर्मा को लिखे गए पत्र के जरिए सामने आई है। पत्र पश्चिम सब-ब्यूरो सचिव विकास ने जारी किया है।
पत्र में नक्सलियों ने कहा कि वह मुख्यधारा में लौटना चाहते हैं और रेडियो के माध्यम से सुरक्षा की गारंटी देने की अपील की है। उन्होंने बताया कि अधिकांश सदस्य बस्तर क्षेत्र से होने के कारण छत्तीसगढ़ में ही आत्मसमर्पण करेंगे, जबकि कुछ सदस्य धीरे-धीरे पहुंच रहे हैं। नक्सलियों ने 1 मार्च तक समय देने का आग्रह किया है।
आत्मसमर्पण में देरी के पीछे केंद्रीय कमेटी (CC) के निर्णय का इंतजार, केस में फंसने का डर और कॉम्बिंग के दौरान मुठभेड़ का भय बताया गया। इसके बावजूद कुल 15 सदस्य – DVC-3, AC-5, PM-7 – महासमुंद जिले में आत्मसमर्पण के लिए तैयार हैं।
पत्र में विशेष रूप से सुरक्षा की अपील की गई है। नक्सलियों ने कहा कि पुलिस कॉम्बिंग और दबाव की कार्रवाई रोकी जाए, ताकि सभी सुरक्षित तरीके से निर्धारित स्थान तक पहुंच सकें। बलांगिर और बरगढ़ जिलों में ओडिशा पुलिस को भी सर्च ऑपरेशन रोकने की सलाह दी गई है।
गृहमंत्री विजय शर्मा ने बताया कि पत्र मिलने के बाद सरकार नक्सलियों के सुरक्षित मार्ग और पुनर्वास के लिए गंभीर प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि नक्सलियों को वापस लौटने और सुरक्षित आत्मसमर्पण के लिए प्रेरित करने, उनकी सुरक्षा, स्वास्थ्य और उन्नति सुनिश्चित करने के संदेश के साथ एक वीडियो जारी किया जाएगा।
यह कदम छत्तीसगढ़ में नक्सली हिंसा को कम करने और मुख्यधारा में लौटने वाले सदस्य को पुनर्वास प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। 15 नक्सलियों का आत्मसमर्पण मार्च की शुरुआत में सुरक्षा के साथ संपन्न होने की उम्मीद है।





