जहरीली शराब से 14 की मौत, 6 की हालत गंभीर

अमृतसर। पंजाब के अमृतसर जिले के मजीठा इलाके में जहरीली शराब पीने से 14 लोगों की मौत हो चुकी है। इस घटना में 6 लोग गंभीर रूप से बीमार हैं, जिनमें से 4 की हालत इतनी खराब है कि वे बोल भी नहीं पा रहे। सभी को अमृतसर के गुरु नानक देव अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
मरने वाले भंगाली कलां, मराड़ी कलां और जयंतीपुर के रहने वाले हैं। पुलिस ने अब तक 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। पूछताछ में सामने आया कि शराब कैन में भरकर गांवों में बेची जाती थी। पुलिस ने इस जहरीली शराब के रैकेट के मास्टरमाइंड प्रभजीत सिंह को पकड़ा है। उसके साथ उसके भाई कुलबीर सिंह और तीन अन्य को भी गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने एक्साइज एक्ट और अन्य धाराओं में केस दर्ज किया है। सभी पीड़ित दिहाड़ी मजदूर थे, जिन्होंने सस्ती शराब खरीदी थी।
सोमवार सुबह मराड़ी कलां गांव में कई लोगों की तबीयत अचानक बिगड़ गई। वे बोल नहीं पा रहे थे और शरीर सुन्न हो गया था। फिर धीरे-धीरे मौतों की खबर आने लगी। अब तक 14 लोगों की जान जा चुकी है। घटना के बाद प्रशासन एक्शन में आ गया है। डीसी साक्षी साहनी ने पीड़ित परिवारों से मुलाकात की और अस्पतालों में भर्ती लोगों की हालत का जायजा लिया। प्रशासन अब गांव-गांव जाकर लोगों की जांच कर रहा है और बीमार लोगों को अस्पताल भेजा जा रहा है।





