छत्तीसगढ़ में 11 आईएएस अधिकारियों का तबादला, कुलदीप शर्मा बने बलौदाबाजार कलेक्टर

छत्तीसगढ़ शासन ने प्रशासनिक स्तर पर बड़ा फेरबदल करते हुए 11 आईएएस अधिकारियों के तबादले के आदेश जारी किए हैं। कुलदीप शर्मा को बलौदाबाजार जिले का नया कलेक्टर नियुक्त किया गया है। वहीं, बलौदाबाजार के पूर्व कलेक्टर दीपक सोनी को केंद्रीय प्रतिनियुक्ति के लिए कार्यमुक्त किया गया है।
डॉ. सीआर प्रसन्ना (2006 बैच), सचिव सहकारिता विभाग को उनके वर्तमान दायित्वों के साथ आयुक्त सहकारिता और रजिस्ट्रार, सहकारी समितियां का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। तीर्थराज अग्रवाल को योजना, आर्थिक एवं सांख्यिकी विभाग का उप सचिव नियुक्त किया गया है। साथ ही उन्हें धर्मस्व एवं धार्मिक न्यास विभाग का अतिरिक्त प्रभार भी दिया गया है।
लीना कोसम को परीक्षा नियंत्रक, छत्तीसगढ़ लोक सेवा आयोग, नवा रायपुर पद पर यथावत रखा गया है। उनके कार्यभार ग्रहण करने की तिथि से उक्त पद को भारतीय प्रशासनिक सेवा (वेतन) नियम 2016 के तहत वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष घोषित किया गया है।
सौमिल रंजन चौबे (उप सचिव, कृषि विभाग), बीरेन्द्र बहादुर पंचभाई (अपर कलेक्टर, नारायणपुर), सुमीत अग्रवाल (आयुक्त, नगर पालिक निगम दुर्ग) और संदीप कुमार अग्रवाल (मुख्य कार्यपालन अधिकारी, जिला पंचायत बिलासपुर) को उनके वर्तमान पदों पर यथावत रखा गया है।
आशीष कुमार टिकरिहा को प्रबंध संचालक, छत्तीसगढ़ वेयर हाउसिंग कार्पोरेशन नियुक्त किया गया है। इस पद को वरिष्ठ वेतनमान के समकक्ष दर्जा प्रदान किया गया है। ऋषभ कुमार पाराशर (उप सचिव, वित्त) अपने पद पर यथावत रहेंगे, जबकि तरूण कुमार किरण को विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी, कलेक्टर कार्यालय कोरबा पदस्थ किया गया है।
सामान्य प्रशासन विभाग ने देर शाम इन तबादलों के आदेश जारी किए।





