जनदर्शन में 105 आवेदन, डिप्टी कलेक्टर ने सुनी लोगों की समस्याएं

दुर्ग। जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जहां डिप्टी कलेक्टर उत्तम ध्रुव ने आम लोगों से मिलकर उनकी समस्याएं सुनीं। यह कार्यक्रम कलेक्टर अभिजीत सिंह के निर्देश पर आयोजित किया गया था।
जनदर्शन में करीब 105 आवेदन आए, जिनमें अवैध कब्जा, आवासीय पट्टा, प्रधानमंत्री आवास, भूमि सीमांकन, आर्थिक सहायता जैसी समस्याएं शामिल थीं। डिप्टी कलेक्टर ने सभी शिकायतों को गंभीरता से सुना और संबंधित विभागों को जल्द से जल्द कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
ग्राम नंदकठी के ग्रामीणों ने बताया कि गांव की सरकारी चारागाह भूमि पर कुछ किसानों ने फसलें बो दी हैं, जिससे मवेशियों के लिए चारे की समस्या हो गई है। चरवाहों ने मवेशियों को चराने से मना कर दिया है, जिससे जानवर फसलों को नुकसान पहुंचा रहे हैं। ग्रामीणों ने चारागाह भूमि को अतिक्रमण से मुक्त कराने की मांग की। इस पर डिप्टी कलेक्टर ने तहसीलदार दुर्ग को कार्रवाई करने के निर्देश दिए।
दुर्ग के एक निवासी ने जिला अस्पताल में चर्म रोग विशेषज्ञ (स्किन स्पेशलिस्ट) की नियुक्ति और कैथ लैब की सुविधा देने की मांग की। उन्होंने बताया कि डॉक्टर न होने के कारण मरीजों को निजी क्लिनिक जाना पड़ता है, जिससे आर्थिक बोझ बढ़ रहा है। डिप्टी कलेक्टर ने इस पर मुख्य चिकित्सा अधिकारी को जरूरी कदम उठाने को कहा।
ग्राम गोंडपेंड्री (तहसील पाटन) के किसानों ने जल निकासी का रास्ता बंद किए जाने की शिकायत की। उन्होंने बताया कि खदान मालिक के कारण गांव की लगभग 70 एकड़ फसलें बर्बाद होने की स्थिति में हैं और बस्ती में पानी भरने से बीमारी फैलने का खतरा बना हुआ है। डिप्टी कलेक्टर ने एसडीएम और तहसीलदार को मौके का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई के निर्देश दिए।
कार्यक्रम में नगर निगम दुर्ग, रिसाली, भिलाई, खाद्य विभाग और समाज कल्याण विभाग के अधिकारी भी मौजूद रहे।





