5 दिन में 1.47 करोड़ नकदी जब्त, बिना दस्तावेज ओडिशा से ला रहे थे रकम; 2 लग्जरी कारें भी पकड़ी गईं

महासमुंद जिले में पुलिस ने बीते पांच दिनों के भीतर अलग-अलग कार्रवाई में कुल 1 करोड़ 47 लाख 50 हजार रुपए नकद जब्त किए हैं। यह रकम ओडिशा से छत्तीसगढ़ लाई जा रही थी, लेकिन संबंधित व्यापारियों के पास कोई वैध दस्तावेज नहीं मिले। पुलिस ने पूरे मामले को आयकर विभाग को सौंप दिया है और दो लग्जरी कारें भी जब्त की गई हैं।
जानकारी के मुताबिक, अलग-अलग थाना क्षेत्रों में वाहन चेकिंग के दौरान यह कार्रवाई की गई। 16 मार्च को कोमाखान क्षेत्र में 75 लाख रुपए नकद बरामद हुए, जबकि 19 मार्च को पटेवा क्षेत्र में 25 लाख रुपए और 20 मार्च को बलौदा क्षेत्र में 15 लाख रुपए जब्त किए गए। इसी दिन बसना क्षेत्र में एक कार से 32 लाख 50 हजार रुपए नकद भी मिले।
बसना क्षेत्र में पकड़े गए मामले में रायपुर का एक व्यापारी और उसका ड्राइवर कार में सवार थे। तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में नकदी मिली, लेकिन वे रकम से जुड़े कोई वैध दस्तावेज पेश नहीं कर सके। इसी तरह अन्य मामलों में भी व्यापारियों से पूछताछ के दौरान संतोषजनक जवाब नहीं मिला।
पुलिस के अनुसार, सभी मामलों में बरामद नकदी 500-500 रुपए के बंडलों में थी। प्राथमिक जांच में इस रकम को हवाला या अवैध लेनदेन से जोड़कर भी देखा जा रहा है। नियमों के तहत बिना दस्तावेज इतनी बड़ी रकम का परिवहन संदिग्ध माना जाता है।
कार्रवाई के दौरान जब्त की गई सभी रकम और वाहनों को कानूनी प्रक्रिया के तहत कब्जे में लेकर आयकर विभाग को आगे की जांच के लिए सौंप दिया गया है। अधिकारियों का कहना है कि नकदी के स्रोत और उपयोग की विस्तृत जांच की जाएगी।
पुलिस ने बताया कि जिले में लगातार सघन चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और अवैध गतिविधियों पर कड़ी नजर रखी जा रही है।





