शराब के पैसे नहीं देने पर व्यापारी पर जानलेवा हमला, आरोपी गिरफ्तार

शहर में शराब के लिए पैसे नहीं देने पर एक व्यापारी पर धारदार ब्लेड से हमला करने का मामला सामने आया है। घटना पुराना बस स्टैंड क्षेत्र की है, जहां आरोपी ने व्यापारी पर गले, पेट और हाथों पर वार कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है।
जानकारी के अनुसार, व्यापारी जैकी छाबड़ा रात करीब 10:30 बजे अपनी दुकान बंद कर घर लौट रहे थे। इसी दौरान शारदा होटल के सामने आरोपी भुवनेश्वर पटेल ने उनसे शराब पीने के लिए पैसे मांगे। पैसे देने से इनकार करने पर आरोपी ने पहले गाली-गलौज की और फिर जान से मारने की धमकी देते हुए हमला कर दिया।
हमले में व्यापारी के गले, पेट और दोनों हाथों पर गंभीर चोटें आईं, जिससे वह लहूलुहान हो गए। आसपास मौजूद लोगों ने उन्हें तत्काल इलाज के लिए अस्पताल पहुंचाया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर टीम गठित की और आरोपी की तलाश शुरू की। कुछ ही घंटों में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया। उसके कब्जे से हमले में इस्तेमाल किया गया ब्लेड भी बरामद कर लिया गया है। पुलिस मामले की आगे जांच कर रही है।





