रायपुर में हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के ठिकाने पर क्राइम ब्रांच की दबिश, साथी गिरफ्तार

रायपुर में क्राइम ब्रांच ने कालीबाड़ी इलाके में हिस्ट्रीशीटर रवि साहू के घर पर देर रात छापेमारी कर उसके अवैध नेटवर्क पर कार्रवाई की। पुलिस की करीब 20 जवानों की टीम ने शुक्रवार और शनिवार की दरमियानी रात रवि साहू के घर को घेरकर तलाशी ली। कार्रवाई के दौरान रवि साहू घर पर मौजूद था, लेकिन छापे की भनक लगते ही पीछे के रास्ते से फरार हो गया।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने रवि साहू के साथी मोहम्मद रफीक को मौके से हिरासत में लिया। तलाशी के दौरान उसके बैग से सट्टा-पट्टी से जुड़े कागजात और करीब डेढ़ लाख रुपये नकद बरामद किए गए। इसके अलावा घर से शराब और गांजा भी मिला, जिसे पुलिस ने जब्त कर लिया है।
पुलिस के अनुसार रवि साहू के खिलाफ अब तक 79 आपराधिक मामले दर्ज हैं, जिनमें हत्या, चाकूबाजी, तस्करी समेत कई गंभीर अपराध शामिल हैं। वह पूर्व में कई बार जिला बदर भी किया जा चुका है। जेल से बाहर आने के बाद वह दोबारा गांजा, शराब तस्करी और जुआ-सट्टे के धंधे में सक्रिय हो जाता है।
क्राइम ब्रांच की टीम ने इसी दौरान मुकेश गुप्ता उर्फ बनिया के ठिकाने पर भी दबिश दी, लेकिन वह मौके पर नहीं मिला। बताया जा रहा है कि मुकेश पिछले एक महीने से फरार है और उसकी तलाश में पुलिस की टीमें जुटी हुई हैं।
मामले में कोतवाली पुलिस देर रात तक कार्रवाई करती रही। इस दौरान कुछ अन्य लोगों को भी हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। पुलिस फरार रवि साहू की तलाश में लगातार दबिश दे रही है।





