रायपुर में सोशल मीडिया पोस्ट पर विवाद, हिंदू देवी-देवताओं पर टिप्पणी के आरोप में वकील पर FIR

रायपुर के राजातालाब इलाके में सोशल मीडिया पर की गई एक विवादित पोस्ट को लेकर विवाद खड़ा हो गया। एक एडवोकेट द्वारा हिंदू देवी-देवताओं और हिंदुत्व को लेकर कथित आपत्तिजनक टिप्पणी किए जाने के बाद हिंदू संगठनों के कार्यकर्ताओं ने थाने का घेराव कर कार्रवाई की मांग की। पुलिस ने शिकायत के आधार पर धार्मिक भावनाएं भड़काने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है।
जानकारी के अनुसार राजातालाब निवासी अंजुम खान पेशे से वकील है। उसने अपने सोशल मीडिया स्टेटस पर रमजान की बधाई देते हुए हिंदू देवी-देवताओं को लेकर आपत्तिजनक टिप्पणी की थी। पोस्ट वायरल होने के बाद इलाके में विरोध शुरू हो गया।
हिंदू संगठन के तुलेश यादव ने सोशल मीडिया पर यह पोस्ट देखी और इसके खिलाफ आपत्ति जताई। इसके बाद संगठन के कार्यकर्ता सिविल लाइन थाने पहुंचे और आरोपी के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए नारेबाजी की।
हिंदू संगठनों का आरोप है कि आरोपी ने जानबूझकर सांप्रदायिक सौहार्द बिगाड़ने और हिंदुओं की धार्मिक भावनाओं को ठेस पहुंचाने के उद्देश्य से यह टिप्पणी की है। संगठन के कार्यकर्ताओं का कहना है कि आस्था का अपमान बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए।
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस अलर्ट हो गई। सिविल लाइन थाना क्षेत्र और राजातालाब इलाके में पुलिस गश्त बढ़ा दी गई है। पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और उसकी तलाश की जा रही है।





