रायपुर में सामूहिक विवाह का भव्य आयोजन, 1316 जोड़े लेंगे सात फेरे, कुपोषण मुक्त अभियान की होगी शुरुआत

मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के तहत रायपुर के साइंस कॉलेज मैदान में सामूहिक विवाह कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है, जिसमें 1316 जोड़े विवाह बंधन में बंधेंगे। इस कार्यक्रम में राज्यभर के विभिन्न जिलों के जोड़े ऑनलाइन माध्यम से भी शामिल होंगे। पूरे प्रदेश में इस योजना के तहत 6,412 से अधिक जोड़ों का विवाह संपन्न होगा।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देंगे। आयोजन की अध्यक्षता विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह करेंगे। इस अवसर पर उपमुख्यमंत्री अरुण साव और विजय शर्मा, केंद्रीय राज्य मंत्री तोखन साहू, महिला एवं बाल विकास मंत्री लक्ष्मी राजवाड़े सहित कई मंत्री, सांसद, विधायक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहेंगे।
इस मौके पर मुख्यमंत्री कुपोषण मुक्त छत्तीसगढ़ अभियान का शुभारंभ भी करेंगे। अभियान के पहले चरण में 6 माह से 52 माह तक के लगभग 40 हजार कुपोषित बच्चों को शामिल किया जाएगा। इसकी शुरुआत बस्तर संभाग से की जाएगी, जिसमें बीजापुर, दंतेवाड़ा, नारायणपुर और सुकमा जिले शामिल हैं।
मुख्य कार्यक्रम सुबह 11 बजे से शुरू होगा। मुख्यमंत्री कन्या विवाह योजना के अंतर्गत प्रत्येक जोड़े को 35 हजार रुपए की सहायता राशि सीधे बैंक खाते में प्रदान की जाएगी, जबकि 15 हजार रुपए विवाह आयोजन और उपहार सामग्री पर खर्च किए जाएंगे।
इस सामूहिक विवाह में विभिन्न समुदायों के जोड़े शामिल होंगे। योजना के तहत हिंदू रीति से 6,281, मुस्लिम रीति से 3, ईसाई रीति से 113, बौद्ध रीति से 5 और बैगा समुदाय के 10 जोड़े विवाह सूत्र में बंधेंगे। यह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों की बेटियों को सम्मानपूर्वक विवाह का अवसर प्रदान करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है।
राज्य सरकार का उद्देश्य इस योजना के माध्यम से सामाजिक समरसता को बढ़ावा देना और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहयोग प्रदान करना है। इस आयोजन को लेकर प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।





