झोलाछाप डॉक्टर के इलाज के बाद गर्भवती महिला की मौत, क्लिनिक सील कर अवैध दवाइयां और गांजा जब्त

छत्तीसगढ़ के बलौदाबाजार जिले में सर्दी-खांसी के इलाज के लिए गई चार माह की गर्भवती महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई। परिजनों का आरोप है कि बिना डिग्री के इलाज कर रहे झोलाछाप डॉक्टर के क्लिनिक में इंजेक्शन लगाने के बाद महिला की तबीयत बिगड़ी और वह बेहोश हो गई। बाद में सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचने से पहले ही उसकी मौत हो चुकी थी।

घटना पलारी थाना क्षेत्र के छेरकाडीह जारा गांव की है। जानकारी के अनुसार अजय साहू की पत्नी इंदु साहू, जो चार माह की गर्भवती थीं, सर्दी-खांसी की शिकायत पर गांव के ही जयंत साहू के क्लिनिक पहुंची थीं। जयंत साहू गांव का सरपंच भी है और बिना मेडिकल डिग्री के लंबे समय से इलाज कर रहा था। परिजनों के मुताबिक इंजेक्शन लगाने के कुछ देर बाद महिला को उल्टियां होने लगीं और वह बेहोश हो गई।

महिला को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद बताया कि अस्पताल पहुंचने से पहले ही उसकी मृत्यु हो चुकी थी। महिला के नाक से झाग और खून निकलने की भी बात सामने आई है। अस्पताल प्रबंधन के अनुसार परिजन करीब चार घंटे तक अस्पताल में रहे और बाद में पोस्टमॉर्टम कराने से लिखित रूप से इनकार कर शव ले गए। उसी दिन अंतिम संस्कार भी कर दिया गया। मामले में थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

घटना के बाद राजस्व, स्वास्थ्य और पुलिस विभाग की संयुक्त टीम ने क्लिनिक पर कार्रवाई करते हुए उसे सील कर दिया। तलाशी के दौरान भारी मात्रा में अवैध दवाइयां और गांजा बरामद किया गया। आरोपी ने स्वीकार किया है कि उसके पास कोई मेडिकल डिग्री नहीं है और वह कई वर्षों से इलाज कर रहा था।

स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों ने मामले को गंभीर बताते हुए कहा है कि आरोपी उन दवाइयों का उपयोग कर रहा था, जिन्हें केवल प्रशिक्षित और पंजीकृत डॉक्टर ही लिख सकते हैं। नायब तहसीलदार द्वारा नोटिस जारी कर स्पष्टीकरण मांगा गया है। पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है और रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई