गर्मी बढ़ते ही खाद्य दुकानों पर कार्रवाई तेज, 12 से ज्यादा जगहों पर छापेमारी

भीषण गर्मी के बीच शहर में खराब और एक्सपायरी खाद्य सामग्री बेचने की शिकायतों के बाद प्रशासन ने सख्ती बढ़ा दी है। खाद्य एवं औषधि विभाग की टीम ने शहर की कई दुकानों, बेकरी, कैंटीन और आइसक्रीम विक्रेताओं पर छापेमारी कर जांच की। कार्रवाई के दौरान कई जगहों से खाद्य सामग्री के सैंपल लिए गए और खराब सामान नष्ट कराया गया।
एक साथ कई दुकानों और कैंटीन में जांच
प्रशासनिक टीम ने तीन अस्पताल कैंटीन, पांच पैकेज्ड ड्रिंकिंग वाटर फर्मों और छह आइसक्रीम विक्रेताओं की जांच की। पैकेज्ड पानी के नमूने जांच के लिए लैब भेजे गए हैं। वहीं कार्रवाई के दौरान करीब 5 किलो एक्सपायर्ड ब्रेड मौके पर नष्ट कराई गई।
जांच में अनियमितता मिलने पर दो फर्मों को सुधार नोटिस जारी किया गया। अस्पताल कैंटीनों में साफ-सफाई की खराब व्यवस्था पर अधिकारियों ने नाराजगी जताई और सख्त चेतावनी दी।
मुनाफे के लिए गुणवत्ता से समझौता
तेज गर्मी के कारण आइसक्रीम, कुल्फी, जूस और अन्य ठंडी चीजों की मांग बढ़ गई है। इसी का फायदा उठाकर कुछ दुकानदार खराब सामग्री और असुरक्षित पानी का इस्तेमाल कर रहे हैं। ज्यादा सप्लाई और मुनाफे के चक्कर में खाद्य गुणवत्ता से समझौता किया जा रहा है।
कई दुकानों में पुराने केक, पेस्ट्री और अन्य खाद्य सामग्री भी बेची जा रही है, जिससे लोगों के स्वास्थ्य पर बुरा असर पड़ रहा है। फूड प्वाइजनिंग, उल्टी और दस्त जैसी शिकायतें भी सामने आ रही हैं।
जून तक चलेगा प्रशासन का अभियान
प्रशासन ने साफ किया है कि खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वालों पर लगातार कार्रवाई जारी रहेगी। अधिकारियों के मुताबिक, शहर में चलाया जा रहा यह अभियान जून तक जारी रहेगा।
लोगों से भी अपील की गई है कि वे एक्सपायरी या संदिग्ध खाद्य सामग्री मिलने पर तुरंत शिकायत करें, ताकि समय रहते कार्रवाई की जा सके।





