उत्तर भारत में फिर बदलेगा मौसम: उत्तराखंड से कश्मीर तक बर्फबारी, 1 फरवरी से कई राज्यों में बारिश का अलर्ट

दिल्ली। उत्तर भारत में सर्दी ने एक बार फिर जोर पकड़ लिया है। दिल्ली और उत्तर प्रदेश में घना कोहरा और शीतलहर से लोगों की परेशानी बढ़ गई है। सुबह के समय विजिबिलिटी काफी कम होने से सड़क, रेल और हवाई यातायात प्रभावित हो रहा है। मौसम विभाग (IMD) ने दिल्ली-एनसीआर में ठंड और कोहरे का अलर्ट जारी किया है। यूपी के कई जिलों—लखनऊ, नोएडा, सहारनपुर समेत पश्चिमी व मध्य हिस्सों में भी सुबह-शाम घना कोहरा छाया हुआ है।
इधर, पहाड़ी राज्यों में हालात और ज्यादा चुनौतीपूर्ण हैं। हिमाचल प्रदेश में चंबा के भरमौर और पांगी क्षेत्र में हिमस्खलन की घटनाएं सामने आई हैं। हिमस्खलन में कुछ दुकानें और वाहन दब गए, हालांकि कोई जनहानि नहीं हुई। सिरमौर के हरिपुरधार में बर्फ पर फिसलने से पर्यटकों की कार खेत में गिर गई, जिसमें एक पर्यटक की मौत हो गई। मनाली और सोलंगनाला में बड़ी संख्या में पर्यटक वाहन बर्फ के कारण फंस गए, जिन्हें पुलिस ने सुरक्षित निकलवाया।
उत्तराखंड में केदारनाथ धाम में 3 से 4 फीट तक बर्फ जम गई है। बर्फबारी के चलते दो दर्जन से ज्यादा मार्ग बंद हो गए हैं, वहीं कई क्षेत्रों में बिजली और पेयजल आपूर्ति भी प्रभावित हुई है। बीआरओ और पीडब्ल्यूडी की टीमें सड़कों को खोलने में जुटी हैं।
जम्मू-कश्मीर में भारी बर्फबारी के बाद जम्मू-श्रीनगर हाईवे आंशिक रूप से खोला गया है और फंसे वाहनों को निकाला जा रहा है। सोनमर्ग में भी हिमस्खलन की घटना हुई, जिससे कुछ घरों और होटलों को नुकसान पहुंचा।
मौसम विभाग के अनुसार 31 जनवरी से 2 फरवरी तक पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो सकता है, जिससे उत्तराखंड से कश्मीर तक फिर बर्फबारी और 1 फरवरी से दिल्ली, यूपी, एमपी समेत कई राज्यों में बारिश का अलर्ट जारी किया गया है।





