अगले चार दिन और बढ़ेगा तापमान, कई शहरों में पारा 36 डिग्री के पार

छत्तीसगढ़ में मार्च की शुरुआत के साथ ही गर्मी ने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। दिन के समय तेज धूप और चुभन भरी गर्मी महसूस की जा रही है। मौसम विभाग के अनुसार अगले चार दिनों तक प्रदेश के अधिकतम तापमान में 2 से 3 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी होने की संभावना है।
इसके बाद दो दिनों तक तापमान में विशेष बदलाव नहीं होगा। वहीं न्यूनतम तापमान अगले सात दिनों तक लगभग स्थिर रहने का अनुमान है। फिलहाल प्रदेशभर में मौसम शुष्क बना हुआ है और कहीं भी बारिश दर्ज नहीं की गई है।
बीते 24 घंटों के दौरान सबसे अधिक तापमान राजनांदगांव में 36 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं सबसे कम न्यूनतम तापमान अंबिकापुर में 13.5 डिग्री सेल्सियस रहा।
रायपुर में आज आसमान मुख्य रूप से साफ रहने का अनुमान है। यहां अधिकतम तापमान करीब 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान लगभग 22 डिग्री सेल्सियस रह सकता है। दिन में गर्मी और सुबह-रात के समय हल्की ठंड का असर बना हुआ है।
फरवरी माह में भी ठंड का असर अपेक्षाकृत कम रहा। कभी-कभार पश्चिमी विक्षोभ के प्रभाव से मौसम में बदलाव देखने को मिला और कुछ स्थानों पर हल्की बारिश हुई। बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाओं की स्थिति भी बनी। सर्दी कम होते ही न्यूनतम तापमान में धीरे-धीरे वृद्धि दर्ज की गई।
ऐतिहासिक आंकड़ों के अनुसार फरवरी महीने में रायपुर में सबसे कम तापमान 9 फरवरी 1893 को 5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था। वहीं 28 फरवरी 2009 को अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया था। 4 फरवरी 1917 को 24 घंटे में 57.4 मिमी बारिश दर्ज की गई थी, जबकि वर्ष 1901 में फरवरी के दौरान कुल 118.9 मिमी वर्षा रिकॉर्ड की गई थी।





