शिवपुरी अस्पताल से नवजात बच्ची चोरी, प्रेमी ने रचा था बेचने का प्लान, दोनों गिरफ्तार

मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिला अस्पताल से एक नवजात बच्ची की चोरी के मामले का खुलासा हो गया है। पुलिस ने 24 घंटे के भीतर बच्ची को बरामद करते हुए आरोपी महिला और उसके लिव-इन पार्टनर को गिरफ्तार कर लिया है। जानकारी के अनुसार, महिला ने अपने प्रेमी के कहने पर अस्पताल से बच्ची को चुराया था, जिसे वह उत्तर प्रदेश के महरौनी में बेचने की योजना बना रहे थे।

घटना बुधवार की है जब शिवपुरी जिला अस्पताल के मेटरनिटी विंग से एक महिला ने नवजात बच्ची को उठा लिया। जांच में पता चला कि आरोपी महिला का नाम शारदा है, जो पिछले एक साल से महरौनी में राहुल जाटव के साथ लिव-इन रिलेशन में रह रही थी। पुलिस पूछताछ में शारदा ने बताया कि बच्ची को किडनैप करने का प्लान राहुल ने बनाया था और उसी ने उसे यह कदम उठाने के लिए कहा था।

पुलिस के अनुसार, राहुल ने पहले से ही बच्ची को बेचने का सौदा तय किया था, हालांकि शारदा को खरीदार के बारे में कोई जानकारी नहीं थी। पुलिस ने महिला को गिरफ्तार कर तीन दिन की रिमांड पर लिया है। वहीं, देर रात राहुल को भी ललितपुर से गिरफ्तार किया गया और अब दोनों से आमने-सामने बैठाकर पूछताछ की जा रही है ताकि सच्चाई सामने आ सके।

पुलिस ने दोनों के खिलाफ अपहरण और चाइल्ड ट्रैफिकिंग के तहत मामला दर्ज किया है। जांच में यह भी सामने आया कि शारदा बच्ची को लेकर बस से महरौनी जाने वाली थी, लेकिन रास्ते की जानकारी न होने के कारण वह गलती से सागर तक पहुंच गई। इसी गलती की वजह से पुलिस को उसे पकड़ने में सफलता मिली।

इस बीच, जब पुलिस टीम राहुल को गिरफ्तार करने के लिए लौट रही थी, तभी करैरा एसडीओपी आयुष जाखड़ का वाहन खराब रास्ते और तेज बारिश के कारण दुर्घटनाग्रस्त हो गया। गनीमत रही कि हादसे में किसी को चोट नहीं आई। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि बच्ची को बेचने के पीछे कोई बड़ा रैकेट तो नहीं था।

Show More
Back to top button
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई
जम्मू-कश्मीर में बारिश से अपडेट सोनम ने ही राजा को दिया था खाई में धक्का… आरोपियों ने बताई सच्चाई