बिलासपुर में डॉक्टर भाइयों की जंग, अस्पताल पर कब्जे को लेकर मारपीट

बिलासपुर। न्यायधानी बिलासपुर में डॉक्टर भाइयों के मारपीट का वीडियो वायरल हो रहा है। दरअसल बिलासपुर के मगरपारा स्थित किम्स अस्पताल के मालिकाना हक को लेकर दो भाइयों के बीच विवाद हो गया। विवाद इतना बढ़ गया कि बात मारपीट तक जा पहुंची। यहां विवाद में बड़े भाई ने छोटे भाई पर हमला कर दिया। वहीं बीच बचाव करने आई अस्पताल में कार्यरत महिला डॉक्टर की भी बड़े भाई ने पिटाई कर दी। घटना का वीडियो भी सामने आया है। मामले में दोनों पक्ष से थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई गई है। मामला सिविल लाईन थाना क्षेत्र का है।

जानकारी के अनुसार, किम्स हॉस्पिटल के मालिक डॉक्टर वाई आर कृष्णा की मौत के बाद उनके दो बेटों के बीच करोड़ों के अस्पताल पर मालिकाना हक को लेकर विवाद चल रहा है। मामले में कोर्ट में सुनवाई चल रही है। रविवार शाम करीब शाम 4:15 बजे अस्पताल के डायरेक्टर डॉ. रवि शेखर ओपीडी जा रहे थे और बड़े भाई डॉक्टर राजशेखर उनके कमरे में बैठे हुए थे। इस पर डॉ. रवि शेखर ने उन्हें बिना परमिशन के अपने केबिन में बैठने पर ऐतराज़ जताया। जिससे नाराज डॉ. राजशेखर ने कहा कि यह मेरे बाप का हॉस्पिटल है, मैं जहां चाहूंगा वहां बैठूंगा, बाहर निकल जा नहीं तो मैं तुझे मार दूंगा। यह कहते हुए अश्लील गाली गलौज करना शुरु कर दिया। फिर डॉ रवि शेखर पर हमला करते हुए उनका गला पकड़कर जमीन पर पटक दिया और उनका गला दबाने लगे।

वहीं घटना के दौरान अस्पताल में कार्यरत महिला न्यूरोसर्जन डॉक्टर सुधा राम ने जब छोटे भाई रवि को बचाने की कोशिश की तो बड़े भाई राजशेखर ने उन्हें अश्लील गालियां देते हुए पिटाई कर दी। जिसके बाद स्टाफ ने किसी तरह से मामले को मौके पर शांत कराया, इसके बाद दोनों पक्ष थाने पहुंचे और एक दूसरे के खिलाफ अपराध दर्ज करवाया है पुलिस ने दोनों पक्षों के खिलाफ काउंटर अपराध दर्ज कर लिया है।

Show More
Follow Us on Our Social Media
Back to top button