SINGER प्रीतम के ऑफिस से 40 लाख की चोरी

मुंबई। बॉलीवुड के मशहूर सिंगर और म्यूजिक डायरेक्टर प्रीतम चक्रवर्ती के मुंबई स्थित दफ्तर से 40 लाख रुपये की चोरी का मामला सामने आया है। यह घटना तब सामने आई जब दफ्तर में रखे गए पैसे गायब हो गए, जिन्हें प्रीतम के मैनेजर ने वहां रखा था।
प्रीतम के मैनेजर विनीत छेड़ा ने मालाड पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई है। छेड़ा ने बताया कि यह रकम कुछ दिनों पहले काम से संबंधित दफ्तर में लाई गई थी। वह पैसों को लेकर दफ्तर में आए थे और वहां एक कर्मचारी आशीष सायल मौजूद था। छेड़ा ने उस पैसे को दफ्तर में रखा और कुछ दस्तावेजों पर साइन कराने के लिए प्रीतम के घर चले गए।
जब वह वापस लौटे, तो पाया कि पैसे वाला बैग गायब था। दफ्तर के अन्य कर्मचारियों ने बताया कि आशीष सायल बैग को लेकर प्रीतम के घर जा रहा था। जब छेड़ा ने आशीष सायल से संपर्क करने की कोशिश की, तो उसका फोन बंद था। इसके बाद वह सायल के घर गए, लेकिन वह वहां भी नहीं था। इसके बाद छेड़ा ने पुलिस से संपर्क किया और शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। लापता कर्मचारी की तलाश में पुलिस जुटी हुई है।





