छत्तीसगढ़ सरकार का बड़ा फैसला: कर्मचारियों का महंगाई भत्ता बढ़ा, लाखों को मिलेगी राहत

रायपुर। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने राज्य के सरकारी अधिकारियों और कर्मचारियों के हित में एक अहम फैसला लिया है। राज्य सरकार ने महंगाई भत्ते (डीए) में बढ़ोतरी की घोषणा की है, जिससे लाखों कर्मचारियों और पेंशनधारकों को सीधा लाभ मिलेगा।
सरकारी आदेश के अनुसार, 1 जनवरी 2026 से सातवें वेतनमान के तहत काम कर रहे कर्मचारियों का महंगाई भत्ता 55 प्रतिशत से बढ़ाकर 58 प्रतिशत कर दिया गया है। वहीं, छठवें वेतनमान वाले कर्मचारियों का डीए 252 प्रतिशत से बढ़कर 257 प्रतिशत हो गया है। इस बढ़ोतरी से बढ़ती महंगाई के बीच कर्मचारियों को आर्थिक राहत मिलेगी।
मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने कहा कि राज्य के अधिकारी और कर्मचारी दिन-रात मेहनत कर सरकार की योजनाओं को जनता तक पहुंचा रहे हैं। उनके समर्पण और ईमानदारी से ही छत्तीसगढ़ में विकास और सुशासन को गति मिल रही है। सरकार की जिम्मेदारी है कि वह कर्मचारियों के हितों का पूरा ध्यान रखे।
मुख्यमंत्री ने कहा कि महंगाई भत्ते में बढ़ोतरी से कर्मचारियों की आमदनी बढ़ेगी, उनकी क्रय शक्ति मजबूत होगी और मनोबल भी बढ़ेगा। इसका सकारात्मक असर कामकाज और प्रशासनिक व्यवस्था पर भी पड़ेगा।
इस फैसले का लाभ सभी नियमित शासकीय कर्मचारी, अधिकारी, पेंशनभोगी और परिवार पेंशनधारकों को मिलेगा। कर्मचारी संगठनों ने सरकार के इस निर्णय का स्वागत करते हुए मुख्यमंत्री और राज्य सरकार का आभार जताया है।
आर्थिक जानकारों का मानना है कि डीए बढ़ने से बाजार में खर्च करने की क्षमता बढ़ेगी, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी मजबूती मिलेगी। मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने साफ कहा कि उनकी सरकार कर्मचारी हितैषी है और आगे भी कर्मचारियों के कल्याण से जुड़े फैसले प्राथमिकता से लिए जाएंगे।





