आंरग में महानदी मुख्य नहर की मरम्मत को 78.45 लाख मंजूर, नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी के लिए 70 सदस्यीय दल रवाना

रायपुर।छत्तीसगढ़ शासन के जल संसाधन विभाग ने रायपुर जिले के विकासखंड आंरग अंतर्गत महानदी मुख्य नहर के सीमेंट कंक्रीट लाइनिंग की मरम्मत के लिए 78 लाख 45 हजार रुपये की राशि स्वीकृत की है। यह मरम्मत कार्य नहर के किलोमीटर 87.30 से आगे के हिस्से में किया जाएगा। योजना के क्रियान्वयन के लिए मुख्य अभियंता, महानदी परियोजना, जल संसाधन विभाग रायपुर को प्रशासकीय स्वीकृति दी गई है। इस कार्य से सिंचाई व्यवस्था बेहतर होने और किसानों को सीधा लाभ मिलने की उम्मीद है।
इधर, प्रथम नेशनल रोवर-रेंजर जंबूरी में भाग लेने के लिए जीपीएम जिले से 70 सदस्यीय दल रवाना हो गया है। यह जंबूरी ग्राम दुधली, जिला बालोद में आयोजित की जा रही है, जिसमें देशभर से करीब 10 हजार रोवर-रेंजर हिस्सा ले रहे हैं।
दल को विदा करते हुए जिला शिक्षा अधिकारी ने सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं और अनुशासन, सेवा भावना तथा उत्कृष्ट प्रदर्शन के साथ जिले का नाम रोशन करने का संदेश दिया। जिले से 29 रोवर, 29 रेंजर और प्रभारी दल के सदस्य जंबूरी में शामिल हो रहे हैं।
राज्य स्तर पर जिला प्रभारी के रूप में डीओसी स्काउट डॉ. एश्ले केनेथ डगलस और डीओसी गाइड अर्चना सैमुअल मसीह के नेतृत्व में टीम जंबूरी में भाग ले रही है। दल के प्रभारियों में राम कृष्ण कश्यप, विजय तिवारी, संगीता कैवर्त, गायत्री लहरे, मीनू देवांगन और प्रियंका विश्वकर्मा शामिल हैं।
जिले के स्काउट-गाइड परिवार और शिक्षा विभाग ने दल की सफल सहभागिता और उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।





